मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक मुन्ना (41) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के सिधौरी गांव निवासी मुन्ना बुधवार की सुबह मऊ से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सीमेंट लादकर घोसी के लिए जा रहे थे। वह घोसी कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के समीप ही पहुंचे थे, तभी फोर लेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर चालक मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी अशरफी देवी की तहरीर पर डंपर के चालक सोनभद्र के कर्मा थाना क्षेत्र के सिरसिया ठुकराई निवासी अंगद कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।