नगर की चर्चित दवा की दूकान पर पिछले दिनों दवा खरीदने गए एक ग्राहक और दूकानदार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इससे नाराज ग्राहक ने सिटी मजिस्ट्रेट से शिकायत की।
अधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को ड्रग और फूड विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीम मामले की जांच करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने सेंपलिंग भी की।
हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी मुकेश कुमार पांडेय ने सिटी मजिस्ट्रेट राम सिंह वर्मा को पिछले 19 मई को एक शिकायत पत्र सौंपा। इसमें आरोप लगाया कि उसकी मां का इलाज बीएचयू में चल रहा है।
वहां के चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवाओं में से एक दवा खरीदने के लिए नगर के दवा केंद्र पर गया। जहां पर पर्चा देने के बाद दूकान के कर्मचारी ने दवा भी निकाली लेकिन दूकान के मालिक ने उस पुर्जे में से एक दवा देने से मना करते हुए कहा कि जब सभी दवाए लेंगे तभी दवा मिलेगी।
काफी आग्रह के बावजूद दूकानदार द्वारा दवा नहीं दिया गया। शिकायती पत्र में दवा दूकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट राम सिंह वर्मा ने मामले की जांच औषधि निरीक्षक जय सिंह को सौंप दी। मामले की जांच करने गुरुवार को औषधि निरीक्षक दवा केंद्र पर पहुंचे और दवाओं का सेंपल लिया। साथ ही एक-एक दवाओं की गहनता से जांच की।
जांच के बाद जो रिपोर्ट आएगी, कार्रवाई की जाएगी। वहीं फूड विभाग के मुख्य खाद्य निरीक्षक सुरेंद्र वर्मा ने अन्य खाद्य पदार्थों की जांचकर सेंपल भरा।