रसड़ा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम आशीष जैन।संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी रसड़ा (बलिया)। वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को रसड़ा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर निर्माण कार्य और यात्री सुविधाओं में कई खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही यात्रियों की सुविधाओं में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने आरपीएफ चौकी, सिग्नल व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा अभिलेखों का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्लेटफार्म संख्या-2 पर पेयजल की अतिरिक्त व्यवस्था कराने, दोनों प्लेटफार्मों पर जल्द टीन शेड लगाने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाकर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाए।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल, कांग्रेस नेता विशाल चौरसिया, व्यापारी नेता सुरेशचंद और भाजपा नेता प्रवीण सिंह ने डीआरएम को मांगपत्र सौंपा। इसमें आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, आसनसोल-गोंडा एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस तथा गरीब नवाज एक्सप्रेस का रसड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने के साथ प्लेटफार्म संख्या-1 एवं 2 पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने की मांग की गई। हालांकि, ट्रेनों के ठहराव और अन्य प्रमुख मांगों पर डीआरएम की ओर से कोई स्पष्ट सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलने से मांगपत्र देने वाले लोग मायूस नजर आए। उधर, डीआरएम के आगमन से पहले स्टेशन परिसर में अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जा चुका था, जिससे परिसर व्यवस्थित दिखाई दिया। इस अवसर पर प्रचालन प्रबंधक, डीसीआई बलिया, जीआरपी बलिया प्रभारी प्रवीण सिंह, आरपीएफ चौकी प्रभारी महिपाल सिंह, स्टेशन अधीक्षक अनिल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।