शनिवार को नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन की ओर से अभियान चलाया गया। शिवमंगल सिंह चौराहे के आसपास अतिक्रमण हटवाया गया। सड़क तक निर्माण को ढहाया गया।
इसका व्यापारी वर्ग ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। अतिक्रमण हटाने के दौरान इलाके में अफरातफरी मची रही। नगर में अतिक्रमण के चलते लगातार जाम की समस्या बनी रहती है।
शिवमंगल सिंह चौराहे के अलावा अन्य प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सड़क तक निर्माण कर लिया गया है। इससे सड़कें संकरी हो गई हैं। गत दिनों अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने अभियान चलाया था।
अभियान बंद होने के बाद फिर से अतिक्रमण कारी सक्रिय हो गए। इस पर शनिवार को फिर से प्रशासनिक अमला बुलडोजर के साथ सड़क पर उतरा।
नगर पालिका के अवर अभियंता अपूर्व पांडेय, एसडीएम बच्चालाल मौर्य तथा सीओ सिटी डीपी सिंह के नेतृत्व में शनिवार को रेलवे स्टेशन से शिवमंगल सिंह चौराहे तक अतिक्रमण हटवाया गया।
कई जगहों पर व्यापार मंडल के सदस्यों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध किया। इस दौरान अतिक्रमण हटाते समय दूकानदारों ने कहा कि नगर पालिका ने नाली के ऊपर घोड़िया लगाने का निर्देश दिया था, जिसका नियम पहले से निर्धारित है।
अगर उससे अधिक अतिक्रमण है तो उसे हटाया जाए। दूकानदारों के बढ़ते विरोध के बाद अभियान शिवमंगल सिंह चौराहे के पास रोक दी गई। ठेला, खोमचा वाले दूकानदार इधर-उधर भागते नजर आए। अभियान में शहर कोतवाल अजय राय, चौकी प्रभारी विनीत राय, नपा कर्मचारी अशोक सिंह, प्रमोद सिंह, धर्मेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।