भीमपुरा (बलिया)। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत चरौवा के मौजा कल्याणपुर में बुधवार की दोपहर घान कूटते समय मशीन के पट्टे में फंसने से ट्रैक्टर चालक नवनीत यादव (21) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इमिलिया चरौवा निवासी नवनीत यादव गांव के ही विनय यादव का ट्रैक्टर चलाते थे। दोपहर दोनों कल्याणपुर में मुन्ना यादव के यहां धान कूटने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहंुचे। ट्रैक्टर से मशीन चलाकर चावल कूटने की मशीन चलाई जा रही थी। इसी दौरान मशीन की बेल्ट उतर गई। चलती मशीन के दौरान बेल्ट को ठीक करने में नवनीत के हाथ का कड़ा बेल्ट में फंस गया, कोई कुछ समझ पाता तब तक उसकी गर्दन बेल्ट में फंस कर कट गई।
वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई, तुरंत ट्रैक्टर को बंद किया। लेकन नवनीत की मौत हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बेल्ट से बाहर निकाला। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। नवनीत चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण नवनीत ट्रैक्टर चलाकर घर चलाने में सहयोग करता था। मां बंतु देवी सहित भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस बाबत थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।