बेल्थरारोड। गर्मी बढ़ने के साथ ही पेयजल संकट गहराने लगा है। लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर में लगाए गए करीब एक दर्जन आरओ कई दिनों से खराब पड़े हुए हैं।
कुछ वर्ष पूर्व भगवान दास की कोठी, रामलीला मैदान, पुलिस चौकी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, त्रिमुहानी, बस स्टेशन, तहसील परिसर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए आरओ मशीन लगाए गए, लेकिन सभी मशीन पिछले कई दिनों से शोपीस बने हुए हैं। मशीन लगने के कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन उसके बाद एक-एक कर सभी मशीन खराब होते गए। दरअसल, समुचित रखरखाव के अभाव में सभी मशीन सफेद हाथी बन कर रह गए हैं। नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर लगाए गए इंडिया मार्का हैंडपंप भी खराब हैं। कई हैंडपंपों से दूषित जल निकल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल के लिए मरीज और तीमारदार इधर-उधर भटकते हैं। तहसील परिसर में भी लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ता है। विवश होकर लोगों को पानी की बोतल खरीद कर प्यास बुझानी पड़ रही है। रेलवे चौराहा के समीप स्थित आरओ मशीन अपना अस्तित्व खो चुका है। अभी तो गर्मी की शुरुआत है। खराब पड़े आरओ मशीन और इंडिया मार्का हैंडपंप जल्द ठीक नहीं किए गए तो आने वाले समय में पानी का संकट और गहरा सकता है।