बैरिया बस स्टैंड के मैदान में आयोजित होली मिलन व नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते रेल व संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा स्थित बस स्टैण्ड के मैदान में भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह द्वारा शनिवार को होली मिलन समारोह एवं नागरिक अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें पहुंचे बतौर मुख्य अतिथि रेल व संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने तीन माह के अंदर बैरिया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को वाई-फाई सुविधा से जोड़ने की घोषणा की। इसके अलावा लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस को सुरेमनपुर में ठहराव की घोषणा की। जबकि गोंदिया व गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन में से किसी एक को एक पखवाड़े के अंदर सुरेमनपुर में ठहराव का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मनोज सिन्हा ने नौरंगा, नवकागांव व दतहां में पोस्ट आफिस खोलने की भी घोषणा की। साथ ही कहा किया कि बकुल्हा रेलवे स्टेशन का नामकरण बदलकर लोकनायक व उनकी पत्नी के नाम पर जयप्रभा करने के लिए प्रस्ताव भेजेंगे। वहीं दलछपरा हाल्ट स्टेशन को अपग्रेड कर और सुविधा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य देश भर में बड़े पैमाने पर चल रहा है। देशभर में 73 हजार करोड़ की रेलवे योजनायें प्रगति पर है। इस मौके पर सांसद भरत सिंह ने कहा कि रेल मंत्री व संचार मंत्री के रूप में शानदार काम किया है।
कहा कि बलिया को जितना हो सके रेल व संचार सुविधाओं से लैस करे। इस मौके पर राज्य मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसी क्रम में बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने समस्त आगन्तुको का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्य रूप से भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दुबे, पूर्वमंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक भगवान पाठक, नागेन्द्र पाण्डेय, रानू पाठक, मंटन वर्मा, माधव गुप्त, जयप्रकाश साहू, बशिष्ठ पाण्डेय, विजयबहादुर सिंह, अमिताभ उपाध्याय, कृष्ण विहारी राय, रमाकान्त पाण्डेय आदि ने विचार रखे।
।