बलिया। जिला महिला अस्पताल के प्रांगण में सोमवार को जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान का शुभारंभ किया। जनपद में दो वर्ष तक छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से अभियान की शुरुआत की गयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दो साल तक के बच्चों को पोलियो, ओपीवी ड्रॉप पिलाई। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नीरज कुमार पांडेय, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी/एसीएमओ डॉ एके तिवारी ने भी बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाते हुए उनके अभिभावकों को प्रोत्साहित किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि नवजात शिशुओं और बच्चों में होने वाली जानलेवा बीमारियों जैसे- पोलियो, खसरा-रूबेला, रोटा वायरस, डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी आदि से बचाने के लिए संपूर्ण टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार नवजात शिशुओं और बच्चों को इन बीमारियों से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इंद्रधनुष के सात रंगों को प्रदर्शित करने वाले इस मिशन का उद्देश्य है कि सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करना है। यह अभियान तीन चरणों क्रमश: पहला चरण सात मार्च से 15 मार्च, दूसरा चार अप्रैल से, तीसरा दो मई से चलाया जाएगा। यह अभियान जिले के समस्त ब्लॉकों में चलाया जा रहा है।
उन्होंने जनता से अपील किया कि अपने घर परिवार में कोई गर्भवती महिला एवं जन्म से लेकर दो वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। अभियान में ईट- भट्ठों और निर्माण साइटों पर रहने वाले परिवारों के टीकाकरण पर जोर दिया जाएगा, क्योंकि इन दोनों स्थानों पर रहने वाले परिवार एक से दूसरे जगह स्थानांतरित करते रहते हैं। इसलिए सामान्य अभियान के दौरान इनके छूटने की आशंका बनी रहती है। टीकाकरण न होने वाले या फिर आंशिक टीकाकरण वाले बच्चों को अभियान के तहत ग्यारह तरह की बीमारियों से बचाने वाले टीके लगाए जाएंगे। इस मौके पर सीएमएस डॉ सुमिता सिन्हा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ आनंद कुमार, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ सिद्धार्थ मणि दुबे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ आरबी यादव, चाई संस्था के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र तिवारी, डब्ल्यू एचओ के एसएमओ ड़ॉ, नकीबुलजमा, यूनिसेफ के डीएमसी नसीम खान, यूपी टीएसयू के अजय कुमार, काजीपुरा के अधीक्षक डॉ अतुल कुमार, बीएमसी सबा, कोल्ड चैन मैनेजर मोहम्मद अबरार आदि उपस्थित रहे।