कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत।
- फोटो : BALLIA
बलिया। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बुधवार को सड़क सुरक्षा, बाढ़ व कटान रोधी कार्य, भूसा क्रय, गो-आश्रय स्थल की व्यवस्था आदि की समीक्षा की। कटानरोधी कार्य की शुरुआत में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नवंबर ने स्वीकृत प्रोजेक्ट का टेंडर अप्रैल में निकालना आपत्तिजनक है। वह खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे और काम में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जननायक चंद्रशेखर यूनिवर्सिटी में भवनों के निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। पर्यवेक्षण अधिकारी को चेतावनी व प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत कराने का निर्देश सीडीओ को दिया। उन्होंने प्रोजेक्ट से निर्माण सामग्री की उपलब्धता के बारे में पूछा तो अधिशासी अभियंता ने बताया कि पर्याप्त सामग्री उपलब्ध हैं और कार्य भी चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों की टीमें बनाकर निर्माण कार्यों की प्रगति की जांच करने को कहा।
उन्होंने गुरुवार को मौके पर जाकर निरीक्षण करने की बात कही। सड़क सुरक्षा जागरूकता के प्रति चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की। सफाई की समीक्षा के दौरान ईओ दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि शहर में कुल 51 नाले हैं। इसमें 45 की सफाई कराई जा चुकी है। मंडलायुक्त ने कहा कि अवैध स्टैंड को हटाने के आदेश को गम्भीरता से लिया जाए। इसके लिए किसी मजिस्ट्रेट को नोडल अफसर बनाया जाए। सभी ईओ अपने निकाय क्षेत्र में कार्रवाई करते समय यह ध्यान दें कि इसके पीछे किसी गरीब व्यक्ति को परेशान नहीं करना है। शहर से बाहर जो स्टैंड चिन्हित हैं, उन्हें विकसित कर ठीक ढंग से संचालन कराएं। शहर में बेतरतीब पार्किंग पर उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से सवाल किया। बैठक में सीडीओ प्रवीण वर्मा, एडीएम राजेश सिंह, सभी एसडीएम, बीएसए एसएन सिंह आदि रहे।