बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में हंसी-मजाक के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने सुरेन्द्र गोंड की बेरहमी से पिटाई कर पैर तोड़ दिया। घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित सुरेंद्र गोंड ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार की शाम वह गांव के पोखरे के पास खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और हंसी-मजाक करने लगे। आरोप है कि युवकों ने उसके ऊपर धूल-मिट्टी फेंक दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुरेंद्र के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो राहुल यादव, अमृतेश यादव, बृशांकराज यादव, कृपाशंकर यादव और शमशेर यादव ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पिटाई कर दी। इसमें मेरा पैर टूट गया।
शोर-शराबा होने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से आरोपी भाग गए। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।