बैरिया। रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव में लकड़ी काटने के लिए पेड़ पर चढ़े रिखम सिंह (66) की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। अधिसिझुआ गांव निवासी रिखम सिंह (66) शनिवार की शाम गांव के किनारे स्थित एक पेड़ पर लकड़ी तोड़ने के लिए चढ़े थे। पेड़ के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुजरा है। इसी दौरान वह तार की चपेट में आ गए और झुलस गए। सिर के बल नीचे गिर पड़े। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें बलिया ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार और रविवार की दरमियानी रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ट्रॉमा सेंटर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।