फेफना थाने का औचक निरीक्षण करते डीआईजी सुभाषचंद्र दूबे।
- फोटो : BALLIA
बलिया में लॉकडाउन-3 में जिले की स्थिति जानने के लिए पहुंचे डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद्र दुबे ने बुधवार को लौटते समय फेफना थाना और रसड़ा कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को सोशल डिस्टेंस और आरोग्य सेतु एप को लेकर जागरूक भी किया। जिले में प्रवास के दौरान डीआईजी ने एसपी देवेंद्रनाथ को बाहर से आने वाले सभी लोगों की विशेष निगरानी कराने को कहा।
अधिकारियों की बैठक में डीआईजी दुबे ने कहा कि बाहर से इस समय ट्रेन से या बस से जो भी जिले में आ रहे हैं, सभी को संदिग्ध नजरिए से देखें। उन्हें क्वारंटीन किया गया हो या होम क्वारंटीन में भेजा गया हो, उनकी निगरानी में कतई कोताही नहीं होनी चाहिए। पुलिस लाइन बलिया में हुई बैठक में उन्होंने अपराध एवं कानून-व्यवस्था के साथ ही लॉकडाउन-03 को धरातल पर सक्रिय करने का निर्देश दिया।
डीआईजी ने शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन कराने को कहा। पुलिस अधीक्षक बलिया को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक ग्राम सभा में अन्य राज्यों से आये श्रमिकों, कामगारों, मजदूरों की मौजूदगी को एक चुनौती के रूप में लें। ग्राम सुरक्षा समितियों से समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। इसी प्रकार बैंक, डाकघरों, जनसुविधा केंद्रों पर अचूक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया।
डीआईजी ने लौटते समय थाना फेफना व रसड़ा कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, बैरक, आवासों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व सोशल डिस्टेंसिंग संतोषजनक पाया। दोनों थानों के पुलिसकर्मियों से वार्ता कर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड के बारे में पूछा। उनके मोबाइल में एप का एक्टिवेशन भी देखा। जनपद बलिया व मऊ बैरियर पर तैनात फोर्स को मनोयोग से ड्यूटी करने के साथ-साथ उनको लॉकडाउन का पूर्णतया अनुपालन कराने हेतु पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने हेतु निर्देशित किया।