बलिया। मकर सक्रांति का त्योहार जिले में धूमधाम से मनाया गया। भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा, सरयू नदी के घाटों पर लग गई। लोगों ने स्नान किया और अर्घ्य देकर सूर्योपासना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्घालुओं ने गंगा तट पर मौजूद ब्राह्मणों व गरीबों को तिल, चावल, तिलवा, गुड़, उड़द की दाल आदि छूकर दान किया। इसके बाद आसपास के मंदिरों में पूजन-अर्चन कर पुरोहितों को दान पुण्य किया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्र के घाटों पर पुलिस तैनात रही।
नगर के शिवरामपुर घाट, कीनाराम घाट, माल्देपुर घाट, उजियार घाट, भरौली घाट, मझौवा घाट, पचरूखिया घाट, हुकुम छपरा घाट आदि स्थानों पर आस्था की डुबकी लगाई। बेल्थरारोड संवादाता के अनुसार मकर सक्रांति के अवसर पर सरयू नदी के विभिन्न तटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजन अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। तुर्तीपार, खैरा खास, बेल्थरा बाजार, हल्दीरामपुर आदि तटीय क्षेत्रों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बेल्थरा बाजार के प्रधान सतीश गुप्त की ओर से स्नानार्थियों की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए।
नवानगर के अनुसार सनातन धर्म का पावन पर्व मकर सक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को क्षेत्र के अलग-अलग घाटों पर क्षेत्र के हजारों लोगों ने आस्था की डुबकी लगाकर सूर्य भगवान को प्रणाम कर अन्न, तिलकुट व तिलवा अपने हाथों से छू कर दान किया। क्षेत्र के कठौड़ा स्थित कुतुबगंज घाट व खरीद दरौली घाट पर बुधवार की सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जत्था सरयू नदी के तट पर स्नान के लिये जुटने लगे।
नरही के अनुसार मकर सक्रांति के अवसर पर नरही पंचायत भवन पर मकर संक्रांति पर्व पर सेवक फाउंडेशन द्वारा नरहीं के दर्जनों विकलांग महिला व पुरुष को कंबल, चूड़ा व गुड़ देकर उनके साथ मकर सक्रांति पर्व मनाया गया। इस मौके पर अवनीश कुमार दीपू, संजीव कुमार राय, मुनेंद्र नाथ राय, भरत राम, संतोष राय, ज्ञानेंद्र राय, मार्कंडेय राय, जवाहर आदि रहे।
दयाछपरा के अनुसार मकर सक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को भोर से ही श्रद्धालु नर नारियों का रेला ठंड की परवाह न करते हुए गंगा तट के लिए निकल पड़ा। दयाछपरा, नौरंगा गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा नदी में डुबकी लगाकर व भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। क्षेत्र के सती घाट, शिवपुर घाट, तिवारी घाट, बहुआरा घाट पर हजारों ने आस्था की डुबकी लगाई
खेजुरी: आर्य समाज खेजुरी द्वारा मकर संक्रांति के पर वार्षिक पूजन का कार्यक्रम परिषदीय प्राथमिक विद्यालय खेजुरी नंबर एक के प्रांगण में आयोजित किया गया। इस मौके पर विनोद कुमार सिंह आर्य, रामायण प्रसाद आर्य, विजय शंकर आर्य, रामनारायण आर्य, उदय नारायण सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, आशीष गुप्ता आदि रहे।