बलिया। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए भले ही शासन प्रशासन की तरफ से कोरोना कर्फ्यू लगाया गया हो लेकिन इसका पालन होता नहीं दिख रहा है। हाल यह है कि बाजारों में बेतहाशा भीड़ हो रही है। संक्रमण को मात देने के लिए जहां नागरिक लापरवाही कर रहे हैं और सड़कों पर उमड़ रहे हैं, वहीं प्रशासन भी कोरोना कर्फ्यू को लेकर सजग नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजारों में सामान्य दिनों जैसी भीड़ देखने को मिली। कहीं भी 10 मई तक मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए कोरोना कर्फ्यू का असर नहीं दिखा। बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार होती रही। वहीं महज चंद मीटर की दूरी पर मौजूद पुलिस इन सब से अनजान बनी रही।
कोरोना संक्रमण पर काबू के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 10 मई तक कोरोना कर्फ्यू की मियाद बढ़ा दी गई है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही कर्फ्यू के दौरान बेवजह बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है, लेकिन शुक्रवार को कर्फ्यू बेअसर दिखा। बाजारों में सामान्य दिनों की तरह भीड़ रही। स्टेशन रोड से लगायत चौक शहीद पार्क, लोहापट्टी, गुदरीबाजार, सिनेमा रोड, आर्यसमाजरोड, कासिम बाजार, विशुनीपुर तक जनसैलाब नजर आया। इस दौरान दुकानें भी खुली देखी गई। बाजार में उमड़ी लोगों की भीड़ से कोरोना कर्फ्यू व सोशल डिस्टेंसिंग भी मजाक बनकर रह गया। प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी भी कर्फ्यू के पालन को लेकर सजग नहीं दिखे। ओकडेनगंज स्थित चौकी पर मौजूद पुलिस कर्मी भी कर्फ्यू को लेकर सजग नहीं रहे।
मेडिकल व सब्जी की दुकानों पर लगी रही भीड़
कोरोना कर्फ्यू को लेकर शुक्रवार को बाजारों में उमड़ी भीड़ को सबसे ज्यादा दवा व सब्जी की दुकानों का रुख करते देखा गया। मेडिकल स्टोरों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। हालांकि मेडिकल स्टोरों को कर्फ्यू के दौरान खोलने की अनुमति है, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना गाइडलाइन के पालन के साथ। बावजूद इसके मेडिकल स्टोरों पर कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग देखने को नहीं मिली। यही हाल विशुनीपुर स्थित सब्जी बाजार का भी रहा। सब्जी बाजार में भी सोशल डिस्टेंसिंग का अभाव देखने को मिला। वही बाजार आए कई लोगों को बिना मास्क भी देखा गया।
-------------
कैमरा देख जागी पुलिस, फटकारी लाठियां
शहर के चौक स्थित मुख्य बाजार के समीप ही ओकडेनगंज पुलिस चौकी स्थित है। बावजूद इसके मुख्य बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी और सभी जिम्मेदार अनजान बने रहे। लोगों की भीड़ को कवर करने जब मीडियाकर्मी पहुंचे तो पुलिस कर्मी भी जाग गए। पुलिस कर्मियों ने बाजार में आए लोगों को कर्फ्यू पालन का पाठ पढ़ाना शुरू किया और लाठी फटकार कर लोगों की भीड़ को बाजार से तितर-बितर करना शुरू किया।
-----------------
दुकानदार समेत आठ की पुलिस ने की खातिरदारी
नगर के गुरुद्वारा रोड स्थित कपड़ा की एक दुकान में शुक्रवार को दुकानदार आठ लोगों को अंदर घुसाकर सामान बेच रहा था और बाहर से शटर गिरा दिया था। तभी पुलिस पहुंच गई और शटर खुलवा कर दुकानदार समेत खरीदारों की जमकर खातिरदारी की। यह घटना लोगों में चर्चा का विषय रही।
--------------
ग्रामीण अंचलों में बेअसर कोरोना कर्फ्यू, उमड़ी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
रतसर। कस्बा बाजार हो या आसपास के छोटे छोटे गांवों के बाजार सभी जगह कोरोना कर्फ्यू मजाक बन कर रह गया है। लोगों के चेहरे पर ना मास्क और सार्वजनिक स्थानों पर ना ही सोशल डिस्टेंसिंग दिखाई दे रहा है। सुबह सात बजे से 11 बजे तक जरूरी सेवा की खुलने वाली दुकानों को कौन कहें सभी दुकानें दिन भर बेरोकटोक खुल रही है और कोरोना कर्फ्यू की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। शुक्रवार को कस्बा के बाजार में ग्राहकों की उमड़ी भीड़ से दोपहर तक पूरे बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति रही। पुलिस द्वारा दुकानदारी की समय सीमा खत्म होने के बाद बाजार को बंद कराया गया, लेकिन आपदा में अवसर तलाशने वाले कई दुकानदार ग्राहकों को दुकान के अंदर बैठाकर बाहर से दुकान बंद कर चांदी काटने के बाज नहीं आए। ऐसा नजारा किराना, कपड़ा, रेडीमेड गारमेंट्स, सौंदर्य प्रसाधन व जुता-चप्पल की दुकानों पर देखने को मिला। लगन और ईद की खरीददारी के लिए लोगों का उतावलापन कोराना कर्फ्यू को बेअसर कर दिया है।
--------------