ठेले प्रकरण को डिप्टी सीएम ने लिया संज्ञान
--ठेले से मरीज को अस्पताल ले जाने का लगातार तीसरा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। जिले के रेवती सीएचसी से ठेले पर मरीज ले जाने के प्रकरण में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लेते हुए सीएमओ से रिपोर्ट तलब की है। जनपद में ठेले से मरीज को ले जाने का ये लगातार तीसरा मामला है। इससे पहले चिलकहर में ठेेले से मरीज को ले जाने के मामले में डिप्टी सीएम ने रिपोर्ट तलब की थी। हालांकि उस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर सोनबरसा में ठेले मरीज ले जाने का मामला सामने आया जिसकी जांच कराई जा रही है।
शुक्रवार को रेवती सीएचसी पर उपचार कराने गए रेवती कस्बे के वार्ड नंबर 10 के निवासी मरीज जितेंद्र तुरहा को जब बलिया रेफर किया गया तो तेल के अभाव में उन्हें एंबुलेंस नहीं मिल सकी। परिजन उसे ठेले से मुख्य सड़क तक ले गए। वहां से टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वाराणसी में उनका उपचार चल रहा है। मामले को लेकर शनिवार को भी अस्पताल पर हंगामा हुआ था।