बलिया। आजमगढ़ में सिंचाई विभाग परिसर में एक्सईएन से डीएम द्वारा की गई बदसलूकी से सरकारी विभाग के अभियंताओं में गुस्सा है। आजमगढ़ के डीएम पर कार्रवाई की मांग को लेकर दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी अभियंताओं का धरना जारी रहा। काली पट्टी बांधकर कार्रवाई की मांग की।
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि एक्सईएन इं. अरुण सचदेव के साथ हुई घटना से हम सभी आहत हैं। इस तरह का कृत्य करने वाले आजमगढ़ के डीएम के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता इं. कमला कांत ने कहा कि आजमगढ़ में हुई घटना से अभियंताओं में आक्रोश है। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए हम सभी का संघर्ष जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स एसोसिएशन इस तरह की घटना रोकने की मांग करता है। साथ ही डीएम को अखिल भारतीय सेवा के तहत बर्खास्त किया जाए। इं. मोहित गुप्ता ने कहा कि डीएम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराते हुए विधिक कार्रवाई की जाय। इस तरह का उत्पीड़न बंद होना चाहिए। इस मौके पर लोनिवि निर्माण खंड के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह, श्रवण कुमार, पूना लाल, अधिशासी अभियंता इं. केशरी प्रसाद, एसके सिंह, आशीष यादव, मोहित गुप्ता, नकुल त्यागी, मोहित गुप्ता, अमित सिंह, आकाश यादव, देवेश गंगवार आदि मौजूद थे।