शहीद मंगल पांडेय इंटर कालेज से डीएलएड की परीक्षा देकर बाहर निकालते छात्र-छात्राएं। संवाद
बलिया/दुबहर। डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा शनिवार को जिले के नौ केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। तीन पालियों में आयोजित परीक्षा में प्रश्न पत्र षष्ठम के लिए पंजीकृत 2967 परीक्षार्थियों में से 2898 उपस्थित और 69 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से नकल या अन्य अनियमितता की सूचना नहीं मिली।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, पकवाइनार के उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य सुनील कुमार ने परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज को परीक्षा की विस्तृत आख्या भेजी है।
इसमें बताया गया कि सभी नौ केंद्रों पर तीनों पालियों की परीक्षाएं सकुशल संपन्न हुईं। परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। आख्या के अनुसार, प्रश्न पत्र सप्तम में 2993 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 2916 उपस्थित और 77 अनुपस्थित रहे। वहीं, प्रश्न पत्र अष्टम में 2969 में से 2899 परीक्षार्थी उपस्थित और 70 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी के निर्देश पर 21 से 26 सितंबर तक आयोजित डीएलएड प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर परीक्षा की दैनिक सूचना उपलब्ध कराई जा रही है।