बलिया। त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ी भीड़ के बीच परिचालन में देरी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को बलिया रेलमार्ग से गुजरने वाली छह ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं।
इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। घर लौटने की जल्दी में रहे लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) के अनुसार, 05047 कोलकाता-बनारस त्योहार स्पेशल करीब छह घंटे विलंब से चली।
वहीं, 55132 प्रयागराज-बलिया पैसेंजर लगभग चार घंटे, 11071 मुंबई-बलिया एक्सप्रेस करीब दो घंटे 40 मिनट और 04071 सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल लगभग तीन घंटे देरी से रही।
इसके अलावा 04072 नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल करीब तीन घंटे और 04096 आनंद विहार-पाटलिपुत्र स्पेशल लगभग चार घंटे विलंब से पहुंची।
ट्रेनों की देरी से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में निर्धारित समय से अधिक वक्त लगा। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में
लोग दूसरे शहरों से घर लौट रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों में पहले से ही भीड़ बनी हुई है। ऊपर से घंटों की देरी ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी। स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को अपनी यात्रा पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ा।