परिजनों में मचा कोहराम
मानगढ़ गांव निवासी श्याम बिहारी प्रसाद का पुत्र चंदन बिंद (24) रानीगंज बाजार में वीडियो फोटोग्राफी का काम करता था। 18 मार्च की रात में परिवार के साथ खाना खाते समय मोबाइल पर किसी का फोन आया। मां इंद्रावती को कुछ देर बाद आने को कह कर घर से निकला।
दूसरे दिन सुबह न आने व मोबाइल स्विच ऑफ होने पर परिजनों ने जान-पहचान व रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता न मिली। तीसरे दिन पुलिस को अपहरण की शिकायत दी।
रेवती पुलिस गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन करने लगी। इसी बीच, 21 मार्च को गांव के बाहर खेत में खून के धब्बे मिलने पर पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात में सर्विलांस की मदद से संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
चंदन को अंतिम कॉल करने वाले से मिले अहम सुराग
चंदन के गायब होने के मामले में पुलिस ग्रामीणों, मित्रों व परिजनों से पूछताछ के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। चंदन के मोबाइल का सीडीआर आने पर पुलिस ने अंतिम काल करने वाले से कड़ाई से पूछताछ की तो अहम सुराग हाथ लगा। उसके आधार पर पूछताछ करने के बाद उसके निशानदेही पर शनिवार को सीओ फहीम कुरैशी रेवती और बैरिया थाने की भारी पुलिस के साथ दियारे क्षेत्र में खोजबीन शुरू कर दी।
काफी प्रयास के बाद शिवाल मठिया के निकट सिवान स्थित नाले के पास चंदन का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए परिजनों को थाने बुलाया गया है। शव देखते ही मां व पिता दहाड़ मार कर रोने बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।