पंचायत चुनाव के मद्देनजर नरहीं थाने पर बक्सर पुलिस के साथ मंत्रणा करते थाना प्रभारी योगेंद्र बह?
- फोटो : BALLIA
नरही। पंचायत चुनाव के मद्देनजर यूपी और बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। बुधवार को नरहीं थाना प्रांगण में सीमावर्ती बक्सर व नरहीं के पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई।
बैठक में बक्सर एवं नरहीं थाना पुलिस अधिकारियों के बीच अपराधियों की सूची आदान प्रदान करने व उन अपराधियों को भी चिह्नित करने का निर्णय लिया गया जो अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए और अपराध में लिप्त हैं। बैठक में तय हुआ कि शराब माफियाओं पर अंकुश लगाने की पूरी तैयारी कर ली गई है चुनाव के दिन यूपी-बिहार सीमा सील रहेगा। नरहीं थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में नरहीं थाने से अपराधियों एवं शराब माफियाओं की सूची देने पर सहमति बनी तो बक्सर पुलिस ने भी बक्सर के अपराधियों की सूची नरहीं थाने को जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पंचायत चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश से बिहार में हो रही शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमा पर जलमार्ग तथा भरौली गंगा पुल से जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग तथा जल मार्ग से नाव से तस्करी को रोकने का निर्णय लिया गया। नरहीं थाना प्रभारी ने कहा कि 25 अप्रैल की शाम को वीर कुंवर सिंह सेतु सील कर दिया जाएगा। इस मौके पर बक्सर क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार, टाउन थाना प्रभारी रंजीत कुमार, मॉडल थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह, सिमरी थाना प्रभारी राहुल कुमार, औद्योगिक थाना प्रभारी मुकेश कुमार, सिमरी थाना प्रभारी आशुतोष कुमार आदि रहे।