बेल्थरारोड/चौकियामोड़। रेलवे स्टेशन के पूर्वी व पश्चिमी केबिन के आगे दो अलग-अलग स्थानों पर रेल लाइन के पास युवक व वृद्ध का क्षत-विक्षत शव पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन सोनाडीह ढाला की ओर शनिवार की सुबह जब लोग टहलने के लिए जा रहे थे, तभी ढाला के आगे रेल लाइन के बीच 25 वर्षीय युवक का शव देख अवाक रह गए। वही दूसरी घटना शनिवार की अपराह्न हुई, जहां पश्चिम केबिन के आगे आउटर सिग्नल के पास 55 वर्षीय वृद्घ का ट्रेन से कटा शव पाया गया। ट्रेन हादसे का शिकार युवक व वृद्ध के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। युवक और अधेड़ कहां के रहने वाले हैं तथा किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई है, यह ज्ञात नहीं हो सका। पुलिस शव का शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।