बांसडीह। बांसडीह क्षेत्र के अवनी नाथ मंदिर स्थित तालाब के पास रविवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की पहचान स्वीटी गुप्ता ( 20) निवासी शिवरामपुर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि युवती मानसिक रूप से कमजोर थी। वहीं, पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, स्वीटी चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। वह महाविद्यालय बांसडीह में बीए की पढ़ाई कर रही थी। भाई विकास गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन मानसिक रूप से कमजोर थी। वाराणसी में उसका इलाज चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती का नौ साल से इलाज चल रहा था। दो-तीन दिन से वह काफी परेशान थी। परिजनों का कहना था कि एक-दो बार पहले भी वह आत्महत्या की कोशिश कर चुकी थी। शनिवार रात स्वीटी घर से निकल गई थी। काफी देर तक उसकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चला। रविवार सुबह शव मिलने पर पुलिस से सूचना मिली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।