बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के धसका गांव स्थित टिकरी बाबा के स्थान पर रविवार की सुबह नीम के पेेड़ पर गमछे से लटका 21 वर्षीय आशीष चौहान पुत्र अवधेश चौहान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव रहने वाला था और वह मनियर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव निवासी छांगुर चौहान के यहां ननिहाल गया हुआ था। घटना स्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पहुंच मातहतों को निर्देश दिया। इस मामले में मृतक के मामा ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है।
मृतक के मामा व सूर्यपुरा निवासी रामप्रवेश चौहान ने तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरे पिता छांगुर चौहान की मृत्यु लखनऊ में 13 अप्रैल को हुई थी। जिसकी जानकारी होने पर मेरा भांजा आशीष चौहान 21 14 अप्रैल 2021 को अपने माता-पिता के साथ सूर्यपुरा गांव में आया था, तभी से यहीं रह रहा था। रविवार की सुबह करीब 11 बजे गांव से करीब दो किमी दूर धसका गांव स्थित टिकरी बाबा के स्थान पर नीम के पेेड़ पर गमछे से लटका मेरे भांजे का शव मिला। आरोप लगाया है कि मेरे भांजे आशीष चौहान की हत्या करके नीम के पेड़ पर लटका दिया गया है। उसका हाथ-पैर किसी दूसरे के शर्ट को फाड़कर पीछे की तरफ बांधा गया है। जिस पेड़ की डाली से गमछी से लटका मिला है वह गमछी मेरे भांजे की है। इसके अलावा उसके गर्दन पर निशान हैं। इस बाबत सीओ बांसडीह अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना ठीक होगा। वैसे मृतक के मामा की ओर से तहरीर दी गई है।