बांसडीह। वार्ड नंबर चार स्थित कांशीराम आवास के एक बंद कमरे से सोमवार की देर शाम दिव्यांग वृद्ध का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत दो-तीन दिन पहले ही हो चुकी है।
स्थानीय लोगों ने दो-तीन दिनों से वृद्ध के कमरे का दरवाजा नहीं खुलने की सूचना सोमवार की देर शाम पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और वृद्ध के शव को कब्जे में लिया। मृतक वृद्ध की पहचान 75 वर्षीय श्याम बिहारी भट्ट के रूप में ग्रामीणों द्वारा की गई। कमरे के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि श्याम बिहारी भटट निवासी वार्ड चार का कांशीराम आवास में कमरा एलाट था। वह वहीं पर रहकर जीवन यापन करते थे। वह बीमार रहते थे। उनके कमरे का दरवाजा करीब दो-तीन दिनों से नहीं खुला। आवाज देने पर भी कोई हरकत नहीं हो रही थी। अनहोनी की आशंका से जताते हुए स्थानीय लोगों पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार संतोष शुक्ल, क्षेत्राधिकारी दीपचन्द, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज रविंद्र राय दल बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां वृद्ध मृत पाया गया। मृतक का एक पुत्र नंदलाल भट्ट है जो वर्तमान में पटना (बिहार) में रहता है। पिता की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन पटना से बलिया के लिए रवाना हो गये।