नगर के वार्ड नंबर तीन काजीपुरा में जर्जर सड़क पर केक काटकर विरोध प्रदर्शन करते युवा।आयोजक
बलिया। शहर के मुख्य मार्ग काजीपुरा मिड्ढी चौराहा मार्ग पर दो वर्ष से क्षतिग्रस्त होने से व्यथित हो कर मुहल्ले वासियों ने छात्र नेता सामाजिक कार्यकर्ता रिपुंजय रमण पाठक रानू के नेतृत्व में रविवार को केक काटकर सड़क का जन्मदिन मनाया।
रानू पाठक ने बताया कि बीते कई वर्षों से शहर के मुख्य मार्गों में शामिल सतीश चंद्र कॉलेज से काजीपुरा होते हुए कचहरी को जोड़ने वाले सड़क की हालत ये सड़क खुद बता रही है। बरसात के मौसम में इस मार्ग से आवागमन और भी मुश्किलों भरा होता है। सड़क गड्ढों से भरा पड़ा है। आए दिन यहां लोग गिर के चोटिल होते हैं। तमाम शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारों ने चुप्पी साध रखी है। इससे कि क्षुब्ध होकर युवाओं ने सड़क का जन्मदिन मनाया। युवाओं ने बाकायदा चूने से गड्ढों को चिह्नित कर फूलों से सजाया फिर मंत्रोच्चार के बीच केक काटा।
प्रशासन को आगाह करते हुए इसके शीघ्र मरम्मत की मांग न होने पर मोहल्लेवासियों के साथ वृहद आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। इस अवसर पर इमरान खान, हबीद अंसारी, गौरी, पंकज पांडेय, संतोष वर्मा, मोहित गुप्ता आदि मौजूद रहे।