कस्बा के पानी टंकी रोड निवासी रसड़ा तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता बुधवार की दोपहर करेंट के जद में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने झुलसे अधिवक्ता को सीएचसी रसड़ा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय अधिवक्ता के नाती के टूटे हाथ को दिखाने के लिए उसकी पत्नी, बेटा और बहु मऊ गए हुए थे।
रसड़ा कस्बा के पानी टंकी रोड निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह उम्र (60) अपने घर में सुबह नहाने के लिए गए। मोटर चालू करते समय वे करेंट की चपेट में आकर झुलस गए। इसकी जानकारी उस समय हुई जब उनका एक मुवक्किल उनके घर पहुंचा। मुवक्किल ने जब उनका दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
उसने आसपास के लोगों को ये बात बताई जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देेेखा कि अधिवक्ता मोटर के पास झुलस कर गिरे हुए थे। लोगों ने उन्हें तत्काल रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर पर नहीं था।
अधिवक्ता के नाती के टूटे हाथ को चिकित्सक को दिखाने के लिए पत्नी, बहु, और बेटा बुधवार सुबह में ही मऊ निकल गए थे। अधिवक्ता की मौत की खबर जैसे की मऊ गए परिवार के सदस्यों को मिली उनके होश उड़ गए। वे तत्काल घर पहुंचे। उधर घटना की खबर रसड़ा कोर्ट पहुंचते ही शुभचिंतक मृतक के घर पहुंचने लगे।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में अमर बहादुर सिंह, द्वारिका सिंह, रमेश त्रिपाठी, विपिन चंद्र श्रीवास्तव, मनिंद्रण कांत तिवारी, इनल सिंह, सुनील चौरसिया, शैलेश सिंह, रामेंद्र सिंह, दीनानाथ यादव, शिशिर श्रीवास्तव, जाहिद जमाल, ध्रुवजी, शिवजी तिवारी आदि रहे।