राकेश निवासी चक्की बक्सर ने बताया कि मैं इटही गांव में शादी कर अपनी दुल्हन को लेकर अपने गांव जा रहा हूं लेकिन भरौली गोलम्बर पर डेढ़ घंटे से जाम में फंसे हैं। रणजीत व्यास निवासी कोपवा रतसड़ ने बताया कि बेटे के मुंडन संस्कार के लिए उजियार गंगा तट पर जा रहा हूं भरौली में एक घंटे से जाम में हूं।
सिकरीया गांव निवासी बब्बन यादव,नगरा निवासी संतोष यादव, सागरपाली निवासी राजकुमार ने बताया कि बेटे का मुंडन संस्कार करने उजियार घाट जाना है लेकिन एक घंटे से अधिक हो गया है जाम में फंसे हुए हैं। मुंडन संस्कार की 186 से अधिक वाहनों घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं दुल्हन की 17 गाड़ियां भी घंटों जाम में रहीं।
मुंडन संस्कार में जाने वाली गाड़ियां उजियार गांव के सकरे रास्ते में घुस गई जिससे गांव की सड़कों का आवागमन प्रभावित हो गया। छोटे वाहनों को ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस वे से जाना पड़ा। बक्सर बलिया गाजीपुर आने जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम में बिताना पड़ा बहुत से यात्रियों को बक्सर रेलवे स्टेशन से ट्रेनें छूट गई। स्कूल जाने वाले बच्चे भी समय से विद्यालय नहीं पहुंच पाए।
इस संबंध में नरही थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बक्सर में उत्पाद विभाग द्वारा वाहनों में शराब चेकिंग करने व मुंडन संस्कार में शामिल होने वाले गाड़ियों के संख्या में इजाफा होने के कारण थोड़ी देर जाम लगा लेकिन पुलिस की तत्परता से आवागमन बहाल कर दिया गया।