ददरी मेले के मीनाबाजार में खरीददारी करती युवतियां।
- फोटो : BALLIA
बलिया। ददरी मेले के मीना बाजार में मेलार्थियों के बढ़ने से रौनक आ गई है। गुरुवार की शाम शहरी क्षेत्र के लोगों ने मेले का जमकर आनंद उठाया। महिलाओं ने शृंगार सामग्री की खरीदारी की।
वहीं नन्हें-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न झूलों का आनंद उठाया। मेले में धूल उड़ने से दूकानदार परेशान दिख रहे हैं। बावजूद पानी का छिड़काव नपा प्रशासन द्वारा नहीं किया जारहा है। महर्षि भृगु के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले में लोगों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। जिससे मेला गुलजार रहने लगा है। दिन में जहां ग्रामीण इलाके की महिला, पुरुष और बच्चे मेले में पहुंच रहे हैं ।वहीं शहर तथा आसपास के लोगों की भीड़ देर शाम उमड़ रही है। मेले में भीड़ पहुंचने से सामानों की खरीददारी तेज हो गई है और दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। उधर भारतेंदु मंच की भी सजकर तैयार है। झूले ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। मेले में मौत का कुंआ, चरखी पर जमकर भीड़ लग रही है। बच्चे भी इसका भरपूर आनंद उठा रहे हैं। वहीं मेले में लगी अन्य दूकानों पर भी खरीदारी की भीड़ उमड़ रही है। जिससे दूकानदार भी गदगद दिख रहे हैं। मेले में प्रवेश करने के साथ ही बच्चों का ध्यान जहां झूला और चरखी वाले आकर्षित कर रहे हैं। वहीं महिलाओं का ध्यान ऊनी वस्त्र, साड़ी और शाल अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
गर्म मसाला के पौधे ने मचाई धूम.... :बलिया। ददरी मेले के अंतिम छोर पर लगे पौधों की भी खरीदारी लोग जमकर कर रहे हैं। घर को सजाने के लिए जहां मनी प्लांट, कैकटस आदि ले रहे हैं। वहीं घर के आंगन को सुशोभित करने के लिए लोग गेंदा और गुलाब के पौधे खरीद रहे हैं। इससे इतर गर्म मसाला का पौधा जो मेले में धूम मचाई है। दूकानदार इल्ताफ ने बताया कि इस बार गर्म मसाला का पौधा हम लाए है और अब तक के मेले में कम से कम 150 जोड़े इसका पौधा बेच चुके हैं।