शहर कोतवाली क्षेत्र के कदमतर स्थित छोटकी मठिया के पास रविवार की रात सेवानिवृत्त एयर फोर्स के जवान के घर का ताला तोड़ चोरों ने जेवर सहित लाखों रुपये का सामान गायब कर दिया। घटना की तहरीर पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शहर कोतवाली के कदमतर स्थित छोटकी मठिया में गुलाबचंद्र गुप्ता का मकान है। गत एक जनवरी को उनका तबीयत अचानक खराब हो गया। घर वाले उन्हें इलाज के लिए पटना लेकर चले गए।
साथ ही घर की चाबी पड़ोस के यहां रख दिया। रविवार की रात मौका पाकर चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ घर में घुस गए और एक-एक कमरों को इत्मीनान से खंगाल लिया।
सोमवार की सुबह घटना की जानकारी उस समय हुई, जब अखबार बांटने वाला हाकर अखबार लेकर पहुंचा। हाकर ने देखा कि गुलाबचंद्र के मकान का दरवाजा खुला हुआ है।
हाकर ने पड़ोसी से जब आने के विषय में पूछा और बताया कि उनका दरवाजा खुला हुआ है तो पड़ोसी उनके घर पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों का ताला टूटा देख होश उड़ गया।
इसकी सूचना पड़ोसी ने पटना में गुलाबचंद्र का इलाज करा रहे बेटे लक्ष्मण को दी। घटना की तहरीर पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।