शहर कोतवाली क्षेत्र के काशीपुर पुरानी बस्ती मोहल्ले में मंगलवार की रात रिटायर्ड दारोगा के मकान में घुसे चोरों ने पांच हजार रुपये नकदी सहित करीब आठ लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। घर में सो रहे लोगों के दरवाजे की कुंडी बंद कर आराम से चोरों ने घटना को अंजाम दिया। सुबह पीड़ित परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा पड़ा देखा तो चोरी का पता चला।
काशीपुर पुरानी बस्ती निवासी राजनारायण शर्मा महाराष्ट्र पुलिस से दारोगा पद से रिटायर्ड हुए हैं। जबकि उनका बेटा गोपाल शर्मा भी महाराष्ट्र पुलिस में सहायक सब इंस्पेक्टर है। वह घर पर अपने पोते ओमप्रकाश तथा परिवार के पांच सदस्यों साथ रहते हैं। मंगलवार की रात खाना खाने के बाद सभी लोग अपने कमरे में सोने चले गए। भोर में जब राजनारायण की नींद खुली तो उन्होंने मुख्य गेट का दरवाजा खुला देखा। वहीं जिन कमरों में सामान रखकर ताला बंद था। उसके दरवाजे खुले हुए थे। जबकि अन्य कमरों को चोरों ने एहतियात के तौर पर बाहर से कुंडी लगा दी थी। उन्होंने परिवार के लोगों को जगाया। एक-एक कमरे में जाकर देखा तो चोरी का पता चला।
पीड़ित का कहना था कि बेटी की शादी के लिए जेवर बनवाए गए थे। बताया कि करीब आठ लाख के जेवरात चोर ले गए है, जबकि पांच हजार रुपये नकदी भी शामिल है। छानबीन में परिवार के लोगों को बक्से टूटे हालत में खेत में मिले। सूचना पर सीओ नगर हितेंद्र कृष्ण मय फोर्स मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। राजनारायण शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।