महराजगंज (बस्ती)। दुबौलिया थाने के भकरही विशेसरगंज बाजार में कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर सेल्समैन को मारपीट कर शराब सहित 10 हजार नकदी लूट लिया। घटना को अंजाम दे बदमाश आसानी से फरार हो गए। इस दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई, मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी।
दुबौलिया थाने के भकरही विशेसरगंज बाजार में अंग्रेजी शराब की दुकान है। उस पर देवरिया जिले के सलेमपुर के राधे श्याम यादव सेल्समैन के रूप में तैनात हैं। सेल्समैन के मुताबिक़ मंगलवार की रात 11 बजे सवार पांच बदमाश आये और तमंचा सटा दिया। इसके बाद मारपीट कर 10 हजार रूपये नगद व अंग्रेजी शराब की एक दर्जन बोतल लेकर चले गए। सैल्समैन की सूचना पर मालिक शशिभूषण सिंह निवासी हैगांपुर ने डायल 100 को सूचित किया, मगर पुलिस चुप्पी साधे रही। बाद में पहुंची पुलिस छानबीन की औपचारिकता निभा कर लौट गई। लूट की घटना से पूरे कस्बे के लोग दहशत में है।
प्रभारी निरीक्षक सतानंद पांडेय ने बताया की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक थाने पर सैल्समैन व मालिक ने कोई तहरीर नही दिया है।