भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली नंबर-दो गांव में बुधवार की शाम एक युवक ने सूद का पैसा नहीं मिलने पर गांव की महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। इस दौरान महिला ने भागकर अपनी जान बचाई। शुक्र ये रहा कि आग से महिला मामूली रूप से जली है। घटना की सूचना पीड़िता ने पुलिस को दी है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली नंबर दो निवासी रेशमी देवी पत्नी रामशीष ने गांव के ही शिवम सिंह गुड्डू से ब्याज पर 20 हजार रुपये कर्ज लिए थे। पीड़िता की माने तो वह अब तक दो लाख रुपये गुड्डू को दे चुकी है। लेकिन गुड्डू के अनुसार उसका पैसा अभी तक ब्याज सहित मूलधन महिला ने नहीं दिया है। पीड़िता का आरोप है कि बुधवार को वह खेत में काम कर रही थी। इस बीच शिवम सिंह गुड्डू खेत में पहुंचा तथा पैसे की मांग करने लगा। उसने जब पैसा देने से इंकार कर दिया तो शिवम ने गले से मंगलसूत्र तथा नाक की कील छीन ली और साथ में लेकर आया पेट्रोल उसपर छिड़कर आग लगा दी।