लॉटरी के चक्कर में एक व्यक्ति ने साढ़े छह हजार रुपये गवां दिए। मोबाइल पर आए एसएमएस का सही जवाब देने के बाद इनाम में कार जीतने के नाम पर युवक को झांसा दिया गया। पहले विजेता को एक कार और अन्य नौ को बाइक का इनाम रखा गया था।
सही जवाब देने के बाद एक फर्जी अधिकारी ने व्यक्ति को कॉल कर दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए साढ़े छह हजार रुपये बैंक में जमा करवाने को कहा। बाद में दोबारा रुपयों की मांग की तो इस व्यक्ति ने मना कर दिया।
इसके बाद फर्जी अधिकारी कॉल नहीं उठा रहा। नवीन कुमार निवासी कोट को वीरवार को मोबाइल पर एसएमएस आया। इसमें प्रतियोगी प्रश्न पूछा गया। सही जवाब देने वाले पहले प्रतिभागी को एक कार और अन्य नौ प्रतिभागियों को मोटर बाइक देने का ऑफर था।
नवीन ने एसएमएस से प्रश्न का सही जवाब दिया। इसके बाद उसे एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को एक निजी कंपनी का अधिकारी बताया और कहा कि उसे तीसरा पुरस्कार बाइक निकली है। बाइक नवीन तक पहुंचाने के लिए दस्तावेज की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
उसने साढ़े छह हजार रुपये बैंक में जमा करवाने को कहा। नवीन ने पैसे बैंक में जमा करवा दिए। इसके बाद नवीन को और रुपये जमा करवाने को कॉल आया, लेकिन उसने पैसे जमा करवाने से मना कर दिया। अब कंपनी अधिकारी कॉल नहीं उठा रहा है।
ऐसे में नवीन को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार का कहना है कि पुलिस के पास ऐसा कोई मामला नहीं आया है। शिकायत मिलेगी तो उचित कार्रवाई की जाएगी।