सोनीपत में आग लगने के बाद खाक हुई स्कूल बस
- फोटो : फाइल फोटो
बहुआरा स्थित पूर्वांचल बैंक के पास मंगलवार की सुबह स्कूली टेंपो असंतुलित होकर पलट गई, जिसमें सात बच्चे घायल हो गए। सभी का इलाज निजी चिकित्सक के यहां कराया गया। घटना से नाराज अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधक से कहासुनी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिभावकों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया।
दोकटी थाना क्षेत्र के बहुआरा रोड स्थित वाणी विहार पब्लिक स्कूल का टेंपो मंगलवार को बच्चों को ला रहा था। अभी टेंपो बहुआरा स्थित पूर्वांचल बैंक के पास टेंपो असंतुलित होकर पलट गया। टेंपो पलटते ही बच्चों की रोने-बिलखने की आवास सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को टेंपो से बाहर निकाला।
हादसे में विवेक (08), संजीत (07), कल्लू (09), सौम्या (08), सुलेखा (08), अंकित (07) कुश (06) चुटहिल हो गए। आनन-फानन में बच्चों का इलाज पास के ही एक निजी चिकित्सक के यहां कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बच्चों को छोड़ दिया। उधर हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावकों के होश उड़ गए और वे मौके पर पहुंचे प्रबंधक से नाराजगी व्यक्त करने लगे।
अभी प्रबंधक और अभिभावकों में कहासुनी हो ही रही थी, इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही चुटहिल बच्चों को पुलिस ने अभिभावकों के साथ घर भेजा। इस बाबत विद्यालय के प्रबंधक तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि स्कूल के टेंपो चालकों को सख्त हिदायत होती है कि वे वाहन सावधानी से चलाएं और वे चलाते भी हैं। दुर्भाग्य से टेंपो पलट गया और कुछ बच्चे चुटहिल हो गए। चुटहिल सभी बच्चों का इलाज करा दिया गया है।