एमडीएम एवं प्रबंध समिति के एकाउंट से चार लाख 88 हजार रुपये नियम विरुद्ध तरीके से आहरित करने के मामले में बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने एक प्रभारी प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया है, जबकि एमडीएम से जुड़ी अनियमितताओं में दो प्रधानाध्याकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी मुरलीछपरा की आख्या को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने शुक्रवार को प्रा.वि पकड़ीतर के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रीकांत नारायण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रभारी प्रधानाध्यापक पर एमडीएम व प्रबंध समिति के एकाउंट से 340000 रुपये (तीन लाख चालीस हजार) व 148000 रुपये (एक लाख अड़तालीस हजार) गलत तरीके से आहरित करने का आरोप है।
इन्हें एमडीएम सेल से संबद्ध किया गया है। वहीं, शिक्षा क्षेत्र बैरिया अंतर्गत प्रावि उदयीछपरा नौरंगा के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीत तिवारी का वेतन आईपीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर वेतन रोका गया है। इन पर एमडीएम संचालन के लिए अब तक एकाउंट भी नहीं खुलवाने का आरोप है। जांच अधिकारी मुरलीछपरा के बीईओ को बनाया गया है।
इसी तरह शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के प्रावि हल्दी नम्बर तीन के प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण उपाध्याय का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित किया गया है। बीएसए ने बताया कि प्रअ श्रीकृष्ण उपाध्याय को प्रावि नंदपुर पर एमडीएम योजनांतर्गत आवंटित किचन शेड निर्माण का प्रभारी बनाया गया था, लेकिन इन्होंने अभी तक किचन शेड का निर्माण नहीं कराया है।