नाली के पानी को लेकर बुधवार की सुबह मनियर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें प्रधान के भाई सेवानिवृत्त फौजी रमा शंकर यादव (60) की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को सिकंदरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
इस घटना से नाराज प्रधान के समर्थकों ने सिकंदरपुर-मनियर मार्ग पर शव रखकर पौने दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। बाद में सीओ के समझाने पर लोग माने। प्रधान की ओर से छह लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
निपनिया गंाव निवासी एनुद्दीन के घर की नाली का पानी बहाने को लेकर बुधवार की सुबह प्रधान उदय शंकर यादव एवं पूर्व प्रधान उमाशंकर यादव के बीच कहासुनी होने लगी। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें प्रधान के भाई सेवानिवृत्त फौजी रमाशंकर यादव, भाई विजय बहादुर यादव (55) एवं भतीजा राकेश यादव (20) गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को सिकंदरपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रमा शंकर यादव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नाराज प्रधान के समर्थकों ने हमलावरों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर मनियर-सिकंदरपुर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब पौने दो घंटे तक चले जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि लोगों के बीच चर्चा रही कि नाली का पानी तो महज बहाना है, यह झगड़ा चुनावी रंजिश में हुआ है।