क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम ने हल्दी थाना क्षेत्र के जवहीं दियरे के पास बुधवार की शाम हल्की मुठभेड़ के बाद चर्चित अंतर प्रांतीय बदमाश सुरेंद्र सिंह और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने एक राइफल, एक दोनाली बंदूक, दो तमंचे और 22 कारतूस बरामद किए हैं।
सुरेंद्र सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत 25 मुकदमे हैं। यही नहीं, बिहार, झारखंड और बंगाल में भी मामले दर्ज हुए हैं। एएसपी केसी गोस्वामी ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में बताया कि दियरांचल के शिवपुर, हास नगर दियारा, जवहीं दियरा और परानपुर आदि क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से अंतर प्रांतीय अपराधी सुरेंद्र सिंह के गैंग के लोग रंगदारी वसूल रहे थे।
आम लोगों में इस बदमाश की इतनी दहशत थी कि कोई न तो थाने में शिकायत कर रहा था न तहरीर दे रहा था। पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह ने उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच के सीओ पीयूष कुमार सिंह सहित स्वाट टीम के प्रभारी राजकुमार को लगाया था। इसी बीच बुधवार की शाम स्वाट टीम को सूचना मिली की सुरेंद्र सिंह अपने गैंग के साथ जवहीं दियर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहा है।
इस पर स्वाट टीम और हल्दी थानाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे ने एक साथ दियरांचल में काबिंग की। प्राथमिक विद्यालय जवहीं दियर के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हल्की मुठभेड़ भी हुई। इसके बाद दुबहर के भड़सर निवासी सुरेंद्र सिंह के साथ ही इसी थाने के किशुनीपुर निवासी अमरेश दुबे, दुबहर के दयानाथ यादव और हल्दी के उदवनछपरा गांव निवासी जितेंद्र कुमार दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बदमाशों के पास से 315 बोर की फैक्ट्रीमेड राइफल, 12 बोर की डबल बैरल फैक्ट्रीमेड बंदूक, 12 बोर के दो देशी तमंचे, 315 बोर के 10 और 12 बोर के सात कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम में आरक्षी अरुण यादव, अतुल सिंह, राम निहाल, विजय तिवारी, मनोज यादव, विजय यादव के अलावा शिवपुर दियर के चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार भी शामिल रहे।