थाना रोजा क्षेत्र के गांव तुर्की खेड़ा निवासी सुनील कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि शराब पीने के लिए रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने फायरिंग कर दी। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
सुनील ने एसपी के दिए पत्र में बताया कि सात जून की रात वह करीब साढ़े नौ बजे वह अपने दरवाजे पर चारपाई डालकर लेटा हुआ था, तभी गांव के चार दबंग किस्म के युवक हाथों में लाइसेंसी और अवैध असलहा लेकर आए और शराब पीने के लिए रंगदारी की मांग करने लगे। मना करने पर दबंगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दबंगों ने असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह से उसने एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। दबंग असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सुनील ने इस मामले की शिकायत थाने में की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दबंग पीड़ित को लगातार धमकी दे रहे हैं। एसपी ने मामले में इंस्पेक्टर रोजा से जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।