बेल्थरारोड कसबे के वार्ड नंबर आठ में मंगलवार की देर शाम हुई नीरज की हत्या के विरोध में बुधवार को जन आक्रोश भड़क उठा। हत्या से नाराज लोगों ने न सिर्फ बेल्थरारोड-मधुबन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया बल्कि पथराव कर सीओ और एक सिपाही को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
कई गाडि़यों को क्षतिग्रस्त कर दिया। बवाल बढ़ता देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। इस दौरान कसबे में अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
तमाम बड़े अधिकारियों और विधायक को सड़क पर उतरकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करनी पड़ी। सुबह सात बजे शुरू हुआ बवाल चार घंटे तक चला। तनाव को देखते हुए कस्बे में कई थानों की पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई है।
बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार के आजाद नगर निवासी नीरज को मंगलवार को देर शाम बाइक सवार दो युवक उठा ले गए थे। उन्होंने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। इससे बुधवार की सुबह लोगों में आक्रोश फैल गया। सुबह सात बजे लोगों ने रोडवेज बस स्टेशन के पास बेल्थरारोड-मधुबन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
यही नहीं, लोगों ने जलूस निकालकर प्रशासन विरोधी नारे लगाए और बीचला पोखरा के निकट उपासना स्थल के पास तीन बाइक में आग लगा दी। उधर, बस स्टेशन के निकट जाम लगाए लोगों और पुलिस के बीच कई बार झड़प हुई। इसके बाद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
इस दौरान बांसडीह के सीओ लक्षीराम यादव और सिपाही (एसडीएम का गार्ड) रामकेवल पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां सीओ की हालत गंभीर देख उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। उग्र भीड़ ने चरण सिंह त्रिमुहानी पर एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। यहां हुए पथराव में कई राहगीरों को भी चोटें आईं।
उधर, हत्या के विरोध में कसबे में अभूतपूर्व बंदी रही। सुबह से ही दूकानों के ताले नहीं खुले। लोग चाय-पान के लिए तरस गए। चक्काजाम के चलते रोडवेज की कई बसों को निरस्त कर दिया गया। पूरा नगर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पूरे दिन पुलिस के जवान चक्रमण करते रहे। नगर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
नीरज की हत्या से नाराज लोगों ने बुुधवार की शाम रोडवेज परिसर में खड़ी दोहरीघाट डिपो की बस में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद शरारती तत्व भाग निकले। बस से निकल रहीं आग की लपटें देखकर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में रोडवेजकर्मियों ने किसी तरह से आग बुझाई। बस करीब 35 फीसदी तक जल गई है।
नगर में बुधवार को हुए बवाल के बाद आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा विधायक गोरख पासवान ने नगर भ्रमण किया। उन्होंने लोगों से शाति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाने की अपील की। डीआईजी प्रशांत कुमार, जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल, एसपी राजू बाबू सिंह, अपर जिलाधिकारी केपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी आदि अफसरों ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया।
नीरज के पिता बैजनाथ की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।