बहादुरपुर नयी बस्ती निवासी एक अधिवक्ता के घर में गुरुवार की रात बदमाशों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए।
बदमाशों ने दीवार पर एक पर्ची चस्पा कर अधिवक्ता से एक करोड़ की रंगदारी मांगी है। न देने पर जान ले लेने की धमकी दी है। पीडि़त ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दे दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
गुरुवार की रात करीब ढाई बजे शहर कोतवाली के बहादुरपुर नई बस्ती निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार सिंह के घर में बदमाश दीवार फांदकर घुस गए।
फिर मिट्टी का तेल छिड़ककर दरवाजे पर लगे पर्दे में आग लगा दी। तभी अधिवक्ता की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो बदमाश भाग गए। मोहल्लेवासियों के सहयोग से आग बुझाई गई।
घटना में अधिवक्ता और उनकी पत्नी विमला सिंह का हाथ आंशिक रूप से झुलस गया। आग से पर्दा तथा तोसक भी जल गया।
अधिवक्ता के अनुसार बदमाशों ने दीवार पर एक पर्ची चस्पा कर दी थी, जिसमें उनसे एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी गई है। न देने पर जान से हाथ धोने की धमकी दी गई है।
अधिवक्ता ने रात में ही घटना की सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद शहर कोतवाल अजय राय ने पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 436, 386, 323 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।