अपने छोटे भाई के साथ सफर कर रही महिला छेड़खानी से बचने के लिए अपने मासूम बच्चे को लेकर टेंपो से कूद गई। इस दौरान मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि बच्चा बाल-बाल बच गया। घटना दोपहर करीब एक बजे की है।
महिला ने योगेंद्र गिरि के मठिया से श्रीपालपुर स्थित पूर्वांचल बैंक जाने के लिए टेंपो पकड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी बैरिया तथा एसओ ने मृतका के भाई से घटना के संबंध में पूछताछ की। हालांकि इस मामले में अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबू के शिवपुर निवासी मेनका (25) पत्नी अवधेश राम दो दिन पहले बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। सोमवार को अपने छोटे भाई 14 वर्षीय अंकित कुमार और दो वर्षीय बेटे शिवम के साथ श्रीपालपुर स्थित पूर्वांचल बैंक, बैरिया जाने के लिए टेंपो पकड़ने योगेंद्र गिरि की मठिया (टेंपो स्टैंड) पैदल पहुंची। वहां से अपने भाई के साथ एक टेेंपो में सवार हुई।
महिला के बैठने के बाद टेंपो में एक जीप का चालक भी आकर बैठ गया। उसने टेंपो चालक से धीरे से कुछ बात की और उसे कुछ रुपये दिए। इसके बाद टेंपो चालक ने और किसी सवारी का इंतजार नहीं किया और चल पड़ा।
टेंपो के चलते ही जीप चालक महिला के साथ छेड़खानी करने लगा। उसकी बुरी नीयत भांप कर महिला ने टेंपो वाले से रोकने क ो कह, लेकिन उसने गति और तेज कर दी। इस दौरान उसके भाई ने जीप चालक को मना करने का प्रयास किया तो चालक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। ऐसे में घबराई महिला अपनी इज्जत को खतरे में देखकर टेंपो स्टैंड से करीब सौ मीटर आगे अपने मासूम बच्चे के साथ चलती टेंपो से कूद गई।
इस दौरान उसका बच्चा तो बाल-बाल बच गया, लेकिन टेंपो से टकराकर महिला की मौत हो गई। आसपास कि लोग महिला को सीएचसी सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर टेंपो तथा जीप चालक मौके से भाग निकले। मेनका के भाई अंकित ने सीओ त्रयंबक नाथ दूबे, थानाध्यक्ष संजय सिंह को पूरी घटना के बारे में बताया। इस बाबत सीओ त्रयंबक नाथ दूबे ने बताया कि इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।