हल्दी थाना क्षेत्र के बजरहां के ग्राम प्रधान ने गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य को रविवार की सुबह बंधक बनाकर पिटाई की। बेटे को बचाने आई बीडीसी की मां से भी मारपीट की गई। किसी ने फोन से घटना की जानकारी तो पुलिस ने बीडीसी सदस्य को मुक्त कराया और जिला अस्पताल भेजवाया। बीडीसी के तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बजरहा गांव के ग्राम प्रधान भुवनेश्वर व क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय पासवान (40) के बीच किसी बात पर रविवार को विवाद हो गया। ग्राम प्रधान ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ उसको अगवा कर लिया और अपने घर लाकर बंधक बना दिया। इस दौरान बीडीसी की जमकर पिटाई भी की गई। अपने बेटे को बचाने गई मां ज्ञांती देवी (60) पहुंची तो उनसे भी मारपीट की गई।
इसी दौरान किसी ने थानाध्यक्ष हल्दी को फोन पर जानकारी दे दी। एसआई श्रीनाथ यादव के साथ कांसटेबिल उदय सिंह व जयप्रकाश यादव प्रधान के पहुंचे और बीडीसी को मुक्त कराया। बीडीसी को मरापीट कर अधमरा कर दिया गया था।
पुलिस को उन्हें चारपाई पर लिटाकर गांव के बाहर लाना पड़ा। पुलिस ने 108 नंबर पर फोन करके एंबुलेंस मंगवाई लेकिन दूरी अधिक होने के कारण तत्काल एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। बाद में उनको पिकप से जिला अस्पताल भेजवाया। ग्रामीणों का कहना है कि यह आशनाई का प्रकरण है। इस मामले में एक दिन पहले भी एक व्यक्ति से मारपीट की गई थी। घटना की तहरीर थाने को दे दी गई है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एक दिन ग्राम प्रधान ने भी दो युवकों के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। संजय पासवान की तहरीर पर प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।