स्थानीय थाना क्षेत्र के संदवापु चट्टी के समीप गुरुवार की देर रात बालू लदे खड़े ट्रक से टकरा कर बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कर परिवारवालों को सौंप दिया।
महथापार गांव निवासी श्रीनिवास तिवारी की पुत्री का तिलक थाना क्षेत्र के दादर गांव में दिवाकर तिवारी के यहां गया था। तिलक का रस्म समाप्त होने पर दोनों युवक अवनीश तिवारी (22) व आशीष शर्मा (20) खाना खाने के बाद बाइक से ही दादर से महथापार लौट रहे थे। वे जैसे ही संदवापुर चट्टी के समीप पहुंचे कि बाइक चला रहे अवनीश के गले में पड़ा गमछा उसके आंखों पर उड़ कर आ गया।
जिससे वह असंतुलित हो गया और उसकी बाइक बगल में बालू लदे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में अवनीश और आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे अवनीश के चाचा कौशल तिवारी ने अपने भतीजे के शव की पहचान की। उन्होंने तत्काल 100 नंबर पर इसकी सूचना दी। पुलिस दोनों युवकों को सीएचसी ले आई।
जहां चिकित्सक ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही दो युवकों की मौत की खबर गांव में पहुंची पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया और महिलाएं दहाड़े मारकर रोने लगी, जिसे देखकर लोगों की आंखें नम हो जा रही थी।