जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान लगी आग से दर्जनों रिहायशी झोपड़ियां जहां जलकर राख हो गईं वहीं लाखों रुपयों का सामान और जेवर-नकदी भी जल गए। इस दौरान कई मवेशी भी जल गए।
आग को बुझाने का प्रयास करते वक्त एक युवक भी झुलस गया। पछुआ के बीच ग्रामीण और अग्निशमन कर्मियों के घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका।
सिकंदरपुर संवाददाता के मुताबिक थाना क्षेत्र के कोथ ग्राम सभा की कल्याणी गांव में सोमवार की सुबह चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में 10 रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। आग की लपटों में दो गाय, एक बछिया सहित दो भैंस गंभीर रूप से झुलस गई।
लालगंज संवाददाता के अनुसार : दोकटी थाना क्षेत्र के नरदरा गांव मे रविवार को तिलक के लिए जल रहे चूल्हे की चिंगारी से योगेंद्र गोंड, राजेंद्र गोंड व हरेराम गोंड की रिहायशी मड़हे जलकर राख हो गए। साथ ही उसमें रखे दैनिक उपयोग के समान और टेंट, चारपाई भी जल गए। इस दौरान मची भगदड़ में राजेंद्र के घर आए रिश्तेदार खवासपुर निवासी ददन गोंड का पैर टूट गया।
मनियर संवाददाता के अनुसार: क्षेत्र के बहदुरा गांव के यादव बस्ती में सोमवार की सुबह पंपिंग सेट के इंजन से निकली चिंगारी दो दर्जन रिहायशी झोपड़ियां जल गईं। इस दौरान दर्जनभर परिवारों के पक्के मकान तक जलकर फट गए। आग में दो गाय तथा एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। आग बुझाने में गोलू (18) गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे आनन-फानन में निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया गया।
बेल्थरारोड संवाददाता के अनुसार: उभांव थाना क्षेत्र के कणसर गांव निवासी दरबारी वर्मा के घर से सोमवार की सुबह आग लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते अशोक वर्मा, सुनील और पिंटू के रिहायशी मड़हे को अपनी जद में ले लिया। उधर दखलपुरा ग्राम में शार्ट-सर्किट से झारखंडे वर्मा के मड़हे में आग लग गई। जिससे मड़हा सहित उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।