बलिया में गिट्टी बालू कारोबारी हीरामन यादव (50) की बाइक सवार बदमाशों ने सुल्तानपुर मोड़ के समीप गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार भोर में हुई घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नगरा-गड़वार मार्ग पर शव को रख जाम लगा दिया। एसपी के आश्वासन पर ढाई घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नगरा क्षेत्र के सरया बगडौरा निवासी हीरामन यादव की बछईपुर चट्टी के पास गिट्टी-बालू की दुकान है। शनिवार भोर में वह नगरा-गड़वार मार्ग पर टहलने निकले थे। सुल्तानपुर मोड़ से सौ मीटर आगे पहुंचे ही थे कि घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उनके पेट और सिर में गोली मार दीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव के साथ नगरा-गड़वार मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। मृतक के पुत्र सिंटू यादव की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी रमाकांत यादव को गिरफ्तार किया है।