जिला आबकारी विभाग और कोतवाली पुलिस को अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 41 पेटी अंग्रेजी शराब (ह्विस्की) सहित अपमिश्रित शराब बरामद की।
टीम के सदस्यों ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी गई है। बरामद शराब की कीमत करीब ढाई लाख बताई गई है।
जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद के निर्देश में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को संयुक्त टीम ने परिखरा निवासी सुनील वर्मा के घर पर छापेमारा।
जहां 41 पेटी अंग्रेजी दारु (ह्विस्की) यानी 492 बोतल अवैध शराब बरामद की। जिसमें 19 पेटी रेड रायल, 18 पेटी 22 कैरेट ह्विस्की तथा विजान ह्विस्की बरामद की। जिला आबकारी अधिकारी भुवाल सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ में बनी ये शराब अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए अधिकृत है।
जबकि इसे बिहार के रास्ते जिले में ले आकर अवैध तरीके से बेचा जा रहा है। टीम ने 38 शीशी पौवा, पांच लीटर अपमिश्रित शराब, 500 खाली शीशियां, 800 ढक्कन के साथ मिलावट की सामग्री बरामद की।
जबकि यूरिया, फिटकरी और दारु बनाने के अन्य सामग्री भी बरामद की गई जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख 46 हजार रुपये है। इसका अनुमानित राजस्व दो लाख 21 हजार 400 रुपये बताया गया है।