जयप्रकाशनगर। बिजली विभाग यदि पहले ही हाईटेंशन तार को टाइट कर ऊंचा कर दिया होता तो शायद यह हादसा नहीं हुआ होता। बैरिया थाना क्षेत्र के पूर्वी भवन टोला के बाशिंदों की माने तो बुधवार को सरस्वती प्रतिमा को विसर्जित करने जा रहे युवकों के साथ जो हादसा हुआ शायद यह हादसा नहीं होता। ग्रामीणों द्वारा उस हाईटेंशन जर्जर तार को बदलने और ऊंचा करने की बात संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार लिखित व मौखिक शिकायत की। लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगा।
बताया कि प्रतिवर्ष मूर्ति इसी रास्ते से विसर्जित होती चली आ रही है। इस वर्ष तार और नीचे लटक गया है। आलम यह है कि जमीन से करीब पांच मीटर की ऊंचाई पर तार लटक हुआ है। इससे ट्रैक्टर पर बंधे लाउडस्पीकर सट गया और दो युवकों की मृत्यु व पांच युवक जीवन और मौत से जिला अस्पताल में जूझ रहे है। जिस समय बैरिया थाना क्षेत्र के पूर्वी भवन टोला में हाईटेंशन तार से हादसा हुआ। वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर क्या करें। इसी बीच किसी ने बिजली विभाग व पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। जिसके बाद बिजली काटी गई। अन्यथा और कई लोगों की जान जा सकती थी। इस दौरान मृतक और झुलसे युवकों के परिजनों को रोते-रोते बुरा हाल था। उधर, प्रशासन व पुलिस महकमा के साथ ही ग्रामीण पर एक-दूसरे का सहयोग करने में लगे हुए थे।