बैरिया। इस समय रेवती व बैरिया की सड़कों पर राहगीरों से छिनैती की घटना बढ़ गई है। अभी महज दो दिन पहले रेवती थाना क्षेत्र के नरायनगढ़-दलछपरा मार्ग पर लूट हुई थी। उक्त घटना के अपराधी पकड़े भी नहीं गए कि सोमवार की रात सुरेमनपुर-दुर्जनपुर मार्ग पर बदमाशों ने दो लोगों का मोबाइल फोन जबरिया छीन लिया। इस घटना में एक महिला का सिर फट गया।
नारायणगढ़ गांव की रहने वाली महिला पूनम राय पत्नी नरेंद्र राय अपने बेटे के साथ बलिया गई थी। सोमवार की शाम को ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से उतरने के बाद साइकिल पर बैठकर अपने घर जा रही थीं। वह दुर्जनपुर जाने वाले मार्ग के पास पहुंची थीं कि बाइक सवार तीन अपराधियों ने धक्का मारकर गिरा दिया तथा उसके लड़के के हाथ से मोबाइल फोन छीन कर भाग गए। साइकिल से गिरने से महिला का सिर भी फट गया। सोमवार को ही दूसरी घटना में गंगापुर गांव के निवासी सुनील कुमार यादव पुत्र विजय यादव रात में घर जा रहा था। सुरेमनपुर दुर्जनपुर मार्ग पर हरिशंकरी के पास बाइक सवार अपराधी उनका मोबाइल छीन ले गए। गंगा पुर गांव के निवासी अधिवक्ता अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन मोबाइल छिनैती की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस का कहीं पता नहीं चल रहा है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार ने कहा कि उक्त मार्ग पर गश्त बढ़ाई जाएगी।