बांसडीहरोड (बलिया)। स्थानीय बाजार स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान के पास से गुरुवार की सुबह बिहार ले जा रहे 488 शीशी शराब के साथ चार तस्करों को पुलिस ने धर-दबोचा। पुलिस ने दुकान के सेल्समैन को बाहर निकालना चाहा। लेकिन सेल्समैन अंदर से दुकान बंदकर दोपहर 12 बजे बाहर निकला। तब तक स्थानीय पुलिस, एसओजी व आबकारी टीम मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के मुताबिक, बांसडीहरोड बाजार में सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान स्थापित है। जहां बिहार प्रांत के विभिन्न स्थानों से गुरुवार की सुबह आए चार शराब तस्करों ने 488 शीशी शराब खरीदकर बिहार ले जाने की फिराक में थे। इसी बीच मुखबिर ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस, स्वाट टीम व आबकारी टीम मौके पर पहुंच गई और शराब के साथ चारों तस्करों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी बिहार प्रांत के पटना जनपाद के थना मालसलामी क्षेत्र के शिमली नबाबगंज निवासी रोशन कुमार, वैशाली जिला के थाना महुआ क्षेत्र के माधवपुर निवासी रवि कुमार सिंह व दीपक कुमार सिंह तथा पटना जिला के थाना धनरुआ क्षेत्र के इमली चक निवासी चंदन पावान हैं। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी होते ही सेल्समैन ने अपनी दुकान तत्काल अंदर से बंद कर दिया। जिसे बाहर निकालने के लिए टीम ने घंटों प्रयास किया। लेकिन सेल्समैन सीधे दोपहर 12 बजे बाहर निकला। जिससे पुलिस ने पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। वहीं चारों तस्करों को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। इस बाबत आबकारी निरीक्षक आदित्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि सेल्समैन ने नियम विरुद्ध दुकान खोला है, जिसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।