हल्दी। विकास खंड बेलहरी के जवही गांव में जेसीबी तथा ट्रैक्टर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की जांच के लिए बीडीओ ने दो सदस्यीय टीम बनाई है। टीम में एडीओ कृषि व एडीओ आईएसबी हैं। इसका खुलासा अमर उजाला ने सोमवार के अंक में किया था।
बेलहरी ब्लाक के जवही दियर गांव में पिछले तीन दिनों से जेसीबी और ट्रैक्टर के जरिए मनरेगा के तहत कार्य कराया जा रहा था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इस मामले का खुलासा जब अमर उजाला ने किया तो अधिकारी हरकत में आए और बेलहरी के बीडीओ संजेश श्रीवास्तव ने दो सदस्यी टीम गठित कर जांच करने का निर्देश दिया। सोमवार को दोनों अधिकारी जवही गांव पहुंचे तो जेसीबी और ट्रैक्टर से सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। हालांकि अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को कोई जानकारी नहीं दी थी। यह तो बानगी भर है, सच्चाई यह है कि अधिकांश गांवों में मनरेगा का कार्य जेसीबी और ट्रैक्टर से ही कराए जाते हैं। बताया जाता है कि इसमें ब्लाककर्मियों की भी मिलीभगत होती है।
सडक निर्माण के नाम पर हो रहा अवैध खनन!
हल्दी। बेलहरी ब्लाक क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन करके मनरेगा के तहत सड़क निर्माण कराया जा रहा है। इस मामले में पुलिस से लेकर खनन विभाग तक मौन हैं। जवही गांव में नवनिर्मित सड़क से डेढ़ किलोमीटर दूर बड़ा गड्ढा किया गया है और इससे चंद लोग माला माल हो रहे हैं।
जवही गांव में जेसीबी और ट्रैैक्टर से मनरेगा कार्य कराने के बाबत कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मामला संज्ञान में आने पर जांच टीम बनाई गई है। जांच में मामला सही पाए जाने पर संबंधित कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा।
संजेश श्रीवास्तव, बीडीओ, बेलहरी